आगरा से प्रकाशित होने वाले दैनिक अख़बार 'द सी एक्सप्रेस' की हालत खराब चल रही है. कर्मचारियों को अभी तक मार्च के वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे क़ि वो इस्तीफे देने के लिए तैयार हैं. ऐसा ही एडिटोरियल डिपार्टमेंट में २७ अप्रैल को कुछ देखने को मिला जब तनख्वाह न मिलने की वजह से डाक देखने वाले एक सब एडिटर ने नौकरी छोड़ने की बात अपने एनई से की. सब एडिटर का इस्तीफा तो एनई ने स्वीकार कर लिया लेकिन सिटी एनई भानु प्रताप सिंह इस बात पर बिगड़ गए कि सी न्यूज में कर्मचारियों की कमी है और तुम इस्तीफा दे रहे हो.
उनकी नाराजगी दिखाने के बाद सब एडिटर भी नाराज हो गया. दोनों लोगों में विवाद होने लगा. बात जब ज्यादा बढ़ गई तो सब एडिटर के दूसरे सहयोगी भी काम छोड़कर जाने की धमकी देने लगे. सैलरी टाइम से नहीं मिलने से कर्मियों में पहले से ही काफी रोष था. उसके बाद साथी के साथ सही बर्ताव नहीं किए जाने से वे और नाराज हो गए. सभी कर्मचारियों को जाते देख भानू प्रताप सिंह ने खुद पर काबू किया तथा सब एडिटर को सॉरी बोलकर मामले को रफा दफा किया.
हालांकि इस संबंध में जब एनई भानू प्रताप सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. यहां सब कुछ ठीक ठाक है. कहीं कोई विवाद नहीं है. सैलरी भी मिल रही है. थोड़ी लेट हो जाना कोई बड़ी बात नहीं है. तमाम संस्थान इस तरह की स्थितियों से जूझ रहे हैं.






