Roy Tapan Bharati : सुरेश चव्हाण टीवी न्यूज चैनल में अब जाना-पहचाना नाम है। 41 साल के चव्हाण मूलतः साईं बाबा के नगर शिरडी के रहने वाले हैं। उनसे मेरा संबंध उनके टीवी चैनल पर पैनल डिस्कशन में शिरकत की वजह से बना। चव्हाणजी कुछ अलग किस्म के हैं और वह अपने टीवी को अपने तरीके से चला रहे हैं। उनके रग-रग में राष्ट्रवाद का खून है और वह हर पल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नजरिए से सोचते हैं। उनका मंत्र है, सुदर्शन टीवी को ही नहीं, भारत को भी अव्वल बनाना है। उनके 'बिंदास बोल' टीवी प्रोग्राम के प्रशंसक देश ही नहीं विदेश में बसे भारतीय भी हैं।
करीब आठ साल पहले उन्होंने सुदर्शन न्यूज़ टीवी चैनल शुरू किया और आज सफलता के सोपान पर चढ़ते हुए इस चैनल ने आज 6 फरवरी से अपना प्रशासनिक दफ्तर और स्टूडियो नोएडा के सेकेटर-57 स्थित नई इमारत में शुरू किया। बहुत सारे गणमान्य लोगों के साथ मैं भी इस टीवी की इमारत के लोकापर्ण समारोह में शामिल था। साथ में मित्र पत्रकार विजय प्रकाश भी थे।
''राष्ट्रवाद, संस्कृति, सरोकार, भारतीयता और मूल्यों को जन -जन तक पहुंचाने की सुदर्शन टीवी की पहल प्रशंसनीय हैं।'' ये बातें टीवी चैनल 'सुदर्शन' के नवनिर्मित अत्याधुनिक कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहीं। नोएडा के सेक्टर 57 स्थित सुदर्शन टीवी के प्रेक्षागृह में लोकार्पण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर कार्यवाह भैयाजी जोशी के हाथों नवनिर्मित भवन एवं परिसर का लोकार्पण संपन्न हुआ।
भाजपा नेता नितिन गडकरी, कांग्रेस नेता कैप्टेन सतीश शर्मा, एनसीपी नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल की प्रमुख उपस्थिति में स्वामी रामदेव, चर्चित तांत्रिक चंद्रा स्वामी आदि ने सुदर्शन चैनल को अपनी शुभकामनाएं दीं। भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी, आर्ट ऑफ़ लिविंग के श्री श्री रविशंकर, भैयू जी महाराज, आचार्य बालकृष्ण ने भी अपनी शुभककामनाएं दीं।
कार्यक्रम का आरंभ वंदे मातरम से हुआ। इसके बाद सभी गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। सुदर्शन न्यूज़ चैनल के चेयरमैन एवं प्रधान संपादक सुरेश खंडेराव चव्हाणके जी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर सुदर्शन न्यूज़ चैनल के चेयरमैन और प्रधान संपादक सुरेश चव्हाण जी ने सबका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि गौरक्षा कि तरफ उनका विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि देश में गौमाता की रक्षा हमारे लिए प्रमुख मुद्दा है।
वरिष्ठ पत्रकार राय तपन भारती के फेसबुक वॉल से.






