टीवी टुडे ग्रुप के न्यूज चैनल आजतक के हेड सुप्रिय प्रसाद को कंपनी ने प्रमोशन का तोहफा दिया है। सुप्रिय प्रसाद अब आजतक के मैनेजिंग एडिटर बन गए हैं। अब तक सुप्रिय प्रसाद चैनल में एक्जीक्यूटिव एडिटर के पद पर काम कर रहे थे। चैनलों की गलाकाट प्रतियोगिता में आजतक को लगातार नंबर वन बनाए रखने के चलते ही सुप्रिय को टीवी टुडे ग्रुप ने ये इनाम दिया है। सुप्रिय प्रसाद ने आजतक चैनल में पिछले साल सितंबर महीने में एक्जीक्यूटिव एडिटर के तौर पर ज्वाइन किया था।
उन्हें कंपनी ने आजतक के आउटपुट हेड की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन दिनों आजतक की साख गिर रही थी। चैनल तो कई हफ्ते टीआरपी में तीसरे स्थान तक भी पहुंच गया था। सुप्रिय के कार्यभार संभालने के बाद से आजतक भी संभला, पहले नंबर पर पहुंचा। सुप्रिय की अगुवाई में न सिर्फ आजतक की साख लौटी, बल्कि नंबर वन की पोजीशन भी बरकरार रही। आजतक में सुप्रिय की ये दूसरी पारी है। इससे पहले वे करीब 11 साल तक आजतक से जुड़े रहे थे। 2007 में उन्होंने न्यूज 24 में बतौर डायरेक्टर न्यूज ज्वाइन किया था। वहां करीब चार साल की दमदार पारी खेलने के बाद सुप्रिय ने इस्तीफा दिया था। उसके बाद सितंबर में वे फिर आजतक में लौट आए। आजतक के न्यूज डायरेक्टर कमर वहीद नकवी के रिटायर होने के बाद टीवी टुडे प्रबंधन ने सुप्रिय को आजतक चैनल के हेड की जिम्मेदारी सौंपी थी। और अब सुप्रिय प्रसाद मैनेजिंग एडिटर बन गए हैं। उल्लेखनीय है कि सुप्रिय प्रसाद ने अपने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का करियर भी आजतक से ही शुरू किया था।






