बैंकाक। थाईलैंड में साल 2010 में लाल शर्ट प्रदर्शनकारियों पर हुई सेना की कार्रवाई को कवर करते समय मारे गए इतालवी फोटो पत्रकार फैबियो पोलेघी की मौत एक सैनिक की बंदूक से चली गोली से हुई थी। अभियोजन पक्ष के वकील कैरम पोथकलाग ने कहा कि अदालत ने आज दिए अपने फैसले में कहा कि फैबियो की मौत एक सैनिक की गोली से हुई थी।
अदालत ने यह भी कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अभिजित विजयजीव और उपप्रधानमंत्री सुथव थगसुबन द्वारा दिए गए आदेश ही फैबियो की मौत का कारण बने। उन्होंने कहा कि यह साफ हो गया है कि फैबियो के शव से मिली गोली थाई सेना के इस्तेमाल में आई गोलियों से पूरी तरह मिलान खाती है। हम इस फैसले से संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि अब वह विशेष जांच विभाग से विजयजीव और थगसुबन पर मुकदमा चलाने के लिए कहेंगे। विजयजीव इस समय विपक्ष के नेता हैं। (वार्ता)






