सेबी से बढ़ते विवाद के बाद सहारा पर कार्रवाई भी लगभग तय मानी जा रही है। सहारा प्रबंधन को ये भी डर है कि सेबी के लोग उनके यहां कभी जांच के लिए आ सकते है। यही वजह है कि नोयडा सहारा में भी इन दिनों सिक्योरिटी सख्त कर दी गई है। बात 28 मार्च की रात तकरीबन नौ बजे की है। सहारा इंडिया कांपलेक्स नोयडा में अचानक एक मारुति इको गाड़ी धड़धड़ाती हुई घुसती चली गई। गार्डों ने हाथ देने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी अंदर जाकर ही रुकी। पीछे से तमाम गार्ड दौड़ते हुए पहुंचे और ये जानने की कोशिश करने लगे कि आने वाले कौन हैं और किस काम से आए हैं। आने वालों ने गार्डों को खातिर में न लाते हुए दबंगई दिखाने की कोशिश की और चैनल में काम करने वाले एक व्यक्ति का नाम बताते हुए उनसे मिलने आने की बात कही।
गार्डों ने उनसे गाड़ी बाहर ले जाने को कहा और इस तरह जबरन अंदर घुस आने पर डपटने लगे। बातों-बातों में बात बढ़ गई और तब तक कई और गार्ड भी वहां पहुंच गए। उसके बाद आने वाले मेहमानों, जिनकी संख्या चार-पांच बताई जाती है… को वह प्रिंट के मशीनरी सेक्शन में ले कर गए और उनकी वहां कायदे से कुटाई की गई। उसके बाद उन्हें वहां से भगा दिया गया। अब सहारा प्रबंधन इस बात की जांच कर रहा है कि आने वाले लोग कौन थे और वह किस व्यक्ति से मिलने आए थे।






