सोनभद्र में अमर उजाला के पत्रकार जुल्फिकार अली हैदर को पुलिस वालों ने बहुत बुरी तरह पीटा. कुछ लोग जमीन के विवाद से संबंधित एक प्रकरण को लेकर पत्रकार जुल्फिकार के पास आए थे. इसी मामले में सच्चाई जानने वो चुर्क पुलिस चौकी पहुंचे. वहां पर दरोगा को उन्होंने मिलने के लिए संदेश भिजवाया. कुछ देर बाद दरोगा खुद आया और गाली देने लगा. इन्होंने जब विरोध किया तो कई पुलिस वालों के साथ दरोगा ने पत्रकार जुल्फिकार को मारना-पीटना शुरू कर दिया.
पत्रकार को इतना पीटा कि उनकी हड्डियां तक टूट गई हैं. सोनभद्र के डाक्टरों ने पत्रकार की हालत गंभीर देख उन्हें बनारस के लिए रेफर कर दिया गया है. आरोपी दरोगा बाली मौर्या को लाइन हाजिर किए जाने की सूचना है. पत्रकारों के एक दल ने प्रशासनिक अफसरों से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.






