नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेश प्रवास से संबंधित खर्चों पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान में दिये गये स्रोत से ‘हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी’ का कोई लेना-देना नहीं है। यह खबर न ही हिन्दुस्थान समाचार ने जारी की है और न ही इस खबर का स्रोत यह एजेंसी है। यह बातें हिन्दुस्थान समाचार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा ने कही है। विदित हो कि भाजपा नेता नरेन्द्र मोदी ने एक समाचार पत्र का हवाला देते हुए एक जनसभा के दौरान सोनिया पर तीखी टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी में नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि सोनिया गांधी ने अपने विदेश प्रवास के दौरान सरकारी खजाने से 1880 करोड़ रुपए खर्च किये हैं।
मोदी ने अपने भाषण के दौरान गुजराती समाचार पत्र जय हिन्द की प्रति भी दिखाई थी जिसमें यह खबर पिछले 12 जुलाई को छापी गयी थी। इस बीच मोदी के बयान पर मीडिया में मचे बवाल के बाद इस समाचार का स्रोत ‘हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी’ बताया गया, जिसका हिन्दुस्थान समाचार के कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा ने खंडन किया है। वहीं मोदी के इस बयान में एक नया मोड़ उस समय आ गया जब आरटीआई कार्यकर्ता रमेश वर्मा ने खुद कहा है कि मेरे पास 1880 करोड़ रुपए खर्च की कोई रिपोर्ट नहीं है। हालांकि मोदी ने यह भी कहा कि अगर उनकी बातें गलत साबित हुई तो वह सोनिया से माफी मांग लेंगे।
अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि हिन्दुस्थान समाचार देश की सबसे बड़ी बहुभाषी संवाद समिति है। यह बिना साक्ष्यों के कोई खबर जारी नहीं करती। उन्होंने कहा कि यह समाचार गुजरात के राजकोट में हिन्दुस्थान समाचार से मिलते-जुलते नाम से चल रहे किसी समाचार पोर्टल से जारी किया गया है। इतना ही नही इस संदर्भ में दैनिक गुजराती समाचार पत्र जय हिन्द के मालिक यशवंत भाई शाह ने भी इस बात को स्वीकार किया है कि यह समाचार हिन्दुस्थान समाचार ने नहीं लिया गया है। यशवंत भाई ने बताया कि यह समाचार 2 से 3 महीने पहले का है। उन्होंने इसे भूपत भाई पारेख की न्यूज़ एजेंसी हिन्दुस्तान समाचार से लिया था। हम उनकी एजेंसी की सेवाएं काफी लंबे अरसे से ले रहे हैं। हालांकि खबर के साथ एजेंसी का नाम नहीं देने की बात पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।






