नई दिल्ली : ट्विटर पर मौजूदगी दर्ज कराने के दो हफ्ते बाद प्रधानमंत्री कार्यालय अब फेसबुक पर उतरने की तैयारी में है। ट्विटर अकाउंट @ पीएमओ इंडिया से 38,500 लोग जुड़ गए हैं। अब पीएमओ में सोशल मीडिया के जरिए इसे संचालित करने के लिए एक छोटा दफ्तर खोला जाएगा। सूत्रों के मुताबिक पीएमओ फेसबुक के विकल्प पर भी विचार कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया के जरिये लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं के निदान के प्रभावी संचालन के लिए पीएमओ में जल्द ही एक छोटा दफ्तर बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री की मीडिया टीम ट्विटर अकाउंट एट द रेट पीएमओइंडिया को लोगों से संवाद के लिए बेहतर बनाने की कोशिशों में जुटी है। हालांकि कहा जा रहा है सोशल मीडिया बहुत नया है इसलिए थोड़ा वक्त लोगों को इसे समझने में लगेगा। पीएमओ फेसबुक पर खाता खोलने की सम्भावनाएं भी तलाश रहा है। इस वक्त फेसबुक पर पीएमओ का खाता कुछ प्रशंसकों द्वारा चलाया जा रहा है, जो आधिकारिक नहीं है। जल्द ही आधिकारिक एकाउंट खोलने की तैयारी की जा रही है।
इस बीच सूचना तकनीक और संचार राज्य मंत्री सचिन पायलट ने कहा है कि सरकार का इरादा किसी सोशल नेटवर्किंग और अन्य वेब साइटों को बंद करने का नहीं है। लेकिन इन साइटों को भारतीय कानून की सीमा में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार बोलने की आजादी पर अंकुश नहीं लगाएगी लेकिन इन वेबसाइटों को भारतीय परिवेश के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। जिससे समाजिक ढांचे को कोई खतरा ना हो।






