: चैनलों की पूरी हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी : पिछले कुछ महीनों से आनंद बाजार पत्रिका और संयुक्त उद्यम साझेदार स्टार समूह के बीच संपादकीय और अन्य रणनीतिक मसलों को लेकर जारी मतभेद और गहराता नजर आ रहा है। यही वजह है कि आनंद बाजार पत्रिका ने रूपर्ट मर्डोक के नियंत्रण वाले स्टार समूह से नाता तोडऩे का इरादा कर लिया है। दोनों साझेदार पिछले 9 साल से सफलतापूर्वक समाचार चैनल उद्यम मीडिया कंटेंट ऐंड कम्युनिकेशंस सर्विसेज इंडिया प्रा. लि. (एमसीसीएस) का परिचालन करते आ रहे हैं। लेकिन सूत्रों के मुताबिक अब आनंद बाजार पत्रिका ने संयुक्त उद्यम में मर्डोक और स्टार की हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी कर ली है।
एमसीसीएस का गठन मार्च 2003 में किया गया था। इस संयुक्त उद्यम में आनंद बाजार पत्रिका टीवी (आनंद बाजार लि. की सहायक इकाई) की 74 फीसदी और स्टार न्यूज ब्रॉडकास्टिंग लि. की 26 फीसदी हिस्सेदारी है। एमसीसीएस 24 घंटे के 3 समाचार चैनलों- स्टार न्यूज, स्टार आनंद और स्टार माझा का प्रसारण करती है। सौदे से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, 'दो कानूनी टीम सौदे को अंतिम रूप देने में लगी हैं। दोनों साझेदारों के बीच पिछले साल मध्य में टकराव की बात सामने आई थी।' उम्मीद की जा रही है कि आनंद बाजार पत्रिका और एमसीसीएस की ओर से इस बारे में औपचारिक घोषणा सोमवार को की जा सकती है।
दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बीएस को बताया कि अभी किसी भी साझेदार की ओर से औपचारिक संदेश नहीं आया है। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अलग होने का निर्णय हो चुका है। अब यह तय करना है कि दोनों कंपनियां वास्तविक तौर पर कब इस सौदे को अंजाम देती हैं। इस बारे में संपर्क करने पर स्टार इंडिया के मुख्य कार्याधिकारी उदय शंकर ने कहा, 'मैं बाजार की अटकलों पर किसी तरह की टिप्पणी नहीं करना चाहता।' आनंद बाजार पत्रिका के प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्याधिकारी दीपंकर दास पुरकायस्थ ने ऐसी किसी भी संभावना से इनकार करते हुए कहा, 'मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।'
एमसीसीएस के प्रवक्ता ने कहा कि इस बारे में आनंद बाजार और स्टार ही कोई टिप्पणी कर सकती है, वहीं स्टार के प्रवक्ता ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। सौदे के मूल्यांकन और शर्तों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं आई है लेकिन निवेश बैंकरों का कहना है कि आनंद बाजार पत्रिका 12 से 18 महीने तक स्टार पर गैर-प्रतिस्पर्धी शर्त लगा सकती है। यानी इस अवधि के बाद ही स्टार भारत के समाचार चैनल क्षेत्र में फिर से प्रवेश कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक बांग्ला और मराठी समाचार चैनलों को आनंद और माझा टीवी नाम दिया जा सकता है। वहीं हिंदी समाचार चैनल को आनंद बाजार टीवी का नाम दिया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि सौदे के बाद मर्डोक को घरेलू बाजार में एक नया साझेदार तलाशना होगा। साभार : बीएस






