सहारा मीडिया में कई दशकों तक प्रमुख पदों पर कार्यरत रहे स्वतंत्र मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है. हाल-फिलहाल तक स्वतंत्र मिश्रा यूपी-उत्तराखंड हेड की जिम्मेदारी निभा रहे थे. स्वतंत्र मिश्रा सहारा मीडिया समूह के हेड की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. सहारा से जुड़े उच्च प्रबंधन के लोगों ने स्वतंत्र मिश्रा की विदाई यानी इस्तीफा को निजी कारणों के चलते दिया जाना बताया है. वहीं दूसरी तरफ स्वतंत्र मिश्रा को टर्मिनेट करने की भी खबरें आ रही थीं, लेकिन इसके लिए कोई सर्कुलर जारी नहीं किया गया है और ना ही इस बात की आधिकारिक पुष्टि हुई है.
बताया जा रहा है उन्हें एसएमएस के माध्यम से सहारा से विदाई की जानकारी दी गई है. वहीं दूसरी तरफ कयास यह भी लगाया जा रहा है कि स्वतंत्र मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई क्रेडिट कार्ड मामले में की गई है. इस मामले को लेकर पिछले दिनों सहारा मीडिया में बहुत जबर्दस्त उठा-पटक मची थी. जबकि सहारा से जुड़े उच्च प्रबंधन का कहना है कि स्वतंत्र मिश्रा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है, उन्होंने निजी कारणों के चलते इस्तीफा दिया है.






