जौनपुर : खेतासराय थाना क्षेत्र के मैनुद्दीनपुर गांव में पिछले दिनों हुए हाकर चाचा और भतीजे की हत्या के बाद से अखबार विक्रेताओं में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस अब तक हत्यारों का पता नहीं लगा सकी है। नाराज हॉकर अब अखबार वितरण बंद करने की तैयारी कर रहे हैं। गौरतलब है कि मैनुद्दीनपुर गांव निवासी हाकर लालजी गौतम और उनके भतीजे बब्लू की पिछले महीने हत्या कर दी गई थी।
यूपी की तेजतर्रार पुलिस चाचा-भतीजे के हत्यारों का अब तक सुराग नहीं ढूंढ पाई है। इससे नाराज हाकर हत्या के बाद से मैनुद्दीनपुर गांव के विक्रेता अखबार बेचना बंद कर दिये हैं। केराकत के हॉकरों ने भी बैठक कर पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर हत्यारे शीघ्र गिरफ्तार नहीं किए जाते तो अखबार वितरण पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। इस दौरान शैलेश यादव, रवि कुमार, पंकज, बीरबल, राजेन्द्र प्रसाद, संजय, रवीन्द्र पांडेय, मुन्ना आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता राज कुमार ने किया।





