जालंधर : पत्रकारों पर हमले और धमकी देने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. जालंधर में एक हत्यारोपी केबल आपरेटर ने फिर गुंडागर्दी दिखाते हुए एक पत्रकार पर पिस्टल तान दी तथा उनके फोटोग्राफर से धक्का-मुक्की की. केबल आपरेटर ने पत्रकार को अपशब्द कहते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी. पत्रकार ने पुलिस से इसकी शिकायत की, परन्तु जब तक पुलिस पहुंचती आरोपी केबल आपरेटर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में पत्रकार राजेश शर्मा ने बताया है कि वह देर रात थाना नई बारादरी के बाहर अपने फोटोग्राफर के साथ एक खबर की कवरेज के लिए गए थे. इस दौरान जब उनके फोटोग्राफर ने जब फोटो खींचनी चाही तो किशनपुरा निवासी केबल आपरेटर ने फोटोग्राफर से धक्का-मुक्की के साथ हाथापाई की कोशिश की. राजेश ने जब उसका विरोध किया तो उसने राजेश पर पिस्टल तान दी तथा अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी.
केबल ऑपरेटर तीन साल पहले थाना डिवीजन चार के बाहर मीट की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक की हत्या में नामजद आरोपी है. वो कुछ समय में जेल में भी रह चुका है. इलाके में गुंडागर्दी तथा अन्य गैर कानूनी कार्यों में भी उसका नाम बराबर आता रहता है. पत्रकार राजेश शर्मा ने इस मामले से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है. पुलिस मामले की जांच करने के साथ आरोपी केबल आपरेटर की तलाश्ा कर रही है.






