वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह के नेतृत्व में चुपचाप लांच हुए 'खबर मंत्र' अखबार ने झारखंड में जोरदार दस्तक दी है. 11 जुलाई को लांच हुए इस अखबार के लिए पिछले दो सालों से तैयारियां चल रही थीं. लांच से पहले अखबार की सदस्यता करीब दो लाख लोगों ने ली. अखबार में विज्ञापनों की संख्या देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस अखबार को लाने से पहले मार्केटिंग से लेकर ब्रांडिंग, कंटेंट सभी फील्ड में काफी काम किया गया है.
‘खबर मंत्र’ के संपादक हरिनारायण सिंह हैं जो लंबे समय तक प्रभात खबर और हिंदुस्तान अखबार के संपादक रहे हैं. इस बारे में हरिनारायण सिंह कहते हैं कि- ''अखबार में सामाजिक सरोकार के मुद्दे को हम लोग प्राथमिकता देंगे. अखबार भले ही झारखंड से प्रकाशित हो रहा है, लेकिन इसका कलेवर पूरी तरह से राष्ट्रीय स्तर का होगा. 'खबर मंत्र' को उत्कृष्ट बनाने के लिए पिछले एक वर्ष से एक रिसर्च टीम काम कर रही है. खबरों के मामले में भी यह अखबार दूसरों से बीस साबित होगा. अखबार में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके अलावा, सोशल मीडिया की लोकप्रियता को देखते हुए, इससे जुड़े लोगों के लिए भी अखबार में एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया गया है, इसके माध्यम से वे किसी मुद्दे पर बहस में हिस्सा ले सकेंगे. राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, स्थानीय, खेल, बिजनेस से जुड़ी खबरें तो हैं ही, स्टूडेंट्स के लिए एजुकेशन के जुड़ी सभी जानकारियां मुहैया कराई जा रही हैं.''






