अखबार की दुनिया भी बड़ी गजब है। कोई कहीं सेंध लगाता है तो कोई कहीं खुद सिंध जाता है। जहां एक ओर पटना में भास्कर हिन्दुस्तान और प्रभात खबर के लोगों को तोड़कर अपने पाले में ला रहा है वहीं भोपाल में एक दूसरा अखबार भास्कर ही नहीं पत्रिका और नई दुनिया में सेंध लगाने की तैयारी कर रहा है। भोपाल का अखबारी युद्ध जल्द ही रोचक होने जा रहा है। हरिभूमि जल्द ही यहां दस्तक देने जा रहा है।
कभी भास्कर के संपादक और थिंक टैंक रहे डा. संतोष मानव ने बतौर संपादक अपना कार्यभार हरिभूमि, भोपाल में ग्रहण कर लिया है। जवाहर चौक पर दफ्तर बनकर लगभग तैयार है। नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने को है। जल्द ही भोपाल से अखबार प्रकाशित होना भी शुरू हो जाएगा। मानव चूंकि लम्बे समय तक भास्कर की विभिन्न यूनिटों में काम कर चुके हैं, इसलिए उन्हें भास्कर के भीतर तक की सारी खबर है। उन्हें पता है कि कब, कहां और कैसे वार करना है।
जानकारी मिली है कि भोपाल में जल्द बड़ी उठापटक देखने को मिल सकती है। भास्कर, पत्रिका और नई दुनिया के बड़े-बड़े नाम मानव के सम्पर्क में हैं और इशारा होते ही पल्टी मार देंगे। ऐसे समय में जब भास्कर प्रबंधन का पूरा ध्यान पटना पर है, मानव के लिए भोपाल में खलबली मचाना आसान हो रहा है। पता चला है कि भोपाल के नतीजों को देखने के बाद हरिभूमि प्रबंधन इंदौर और ग्वालियर के मैदान में भी उतरने की सोच रहा है। तो अच्छे पत्रकारों के लिए एक और मौका सामने है। अच्छा काम करेंगे तो पद तो मिलेगा ही पैसा भी।
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.






