रोहतक। हरियाणा के नेताओं को लगता है मीडिया का ज्यादा ही चस्का लग गया है। तभी तो वे एक-एक कर मीडिया कारोबार में उतर रहे हैं। ऐसे नेताओं की कतार में अब एक और नेता का नाम जुड़ गया हैं। यह नेताजी पहले चरण में न्यूज चैनल शुरू करने जा रहे हैं। फिर अखबार और एफएम चैनल भी शुरू होगा। यह नेताजी मौजूदा समय में कांग्रेस के विधायक हैं और हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इनकी गिनती मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी विधायकों में होती है और एक समय ये नेता हुड्डा के आंदोलन के साथी रहे हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब कोई विधायक मीडिया कारोबार में उतर रहा हो, इससे पहले हरियाणा के दो विधायकों के क्षेत्रीय न्यूज चैनल चल रहे हैं। अब एक और इस जमात में शामिल हो गया है। हरियाणा के जो नेता अब मीडिया कारोबार में उतर रहे हैं, वे हैं रघुबीर सिंह कादियान। वे झज्जर जिला के बेरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं और हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस चैनल का नाम होगा लैंडमार्क न्यूज चैनल। इस चैनल की कंपनी पहले से ही रियल एस्टेट के कारोबार में है। हालांकि इस कंपनी के चेयरमैन कादियान के दामाद संदीप छिल्लर हैं। यह कंपनी सोलर एनर्जी और डेयरी के बिजनेस में भी है। अब यह मीडिया में भी आने की तैयारी कर चुकी है।
शुरुआती चरण में लैंडमार्क चैनल की लांचिंग होगी और फिर अखबार और एफएम चैनल भी आएगा। इस चैनल का मुख्यालय गुड़गांव में है। चैनल के लिए फिलहाल शीर्ष स्तर पर नियुक्तियां शुरू हो चुकी हैं और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन फुटेला ने अपनी फेसबुक वाल पर अपनी नियुक्ति के बारे में बता दिया है। हालांकि उन्होंने लैंडमार्क चैनल के नाम पर खुलासा नहीं किया है लेकिन उनकी नियुक्ति तय हो चुकी है। वे लिखते हैं एक चैनल, एक अखबार, एक एफएम चैनल और बड़ी जिम्मेदारी। इसके अलावा कुछ और वरिष्ठ पत्रकारों की नियुक्ति भी लगभग फाइनल हो चुकी है। आने वाले दिनों कुछ और वरिष्ठ साथी जुड़ेंगे।
दरअसल अगले साल लोकसभा और हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने हैं। और हो सकता है नेताजी इस चैनल का फायदा चुनाव में उठाना चाहते हों। पहले से ही नेताओं के चल रहे हैं चैनल हरियाणा के दो नेताओं के पहले से ही चैनल चल रहे हैं। अंबाला से कांग्रेस विधायक विनोद शर्मा का चैनल इंडिया न्यूज है। इस चैनल ने कुछ समय पहले ही दीपक चौरासिया के नेतृत्व में जोर-शोर से चैनल की रीलांचिंग की है। हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा का क्षेत्रीय न्यूज चैनल हरियाणा न्यूज चैनल भी चल रहा है। कांडा ने इस चैनल को जेके जैन से खरीदा था। कांडा इस समय गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में तिहाड़ जेल में हैं।
लेखक दीपक खोखर पिछले 16 साल से मीडिया के क्षेत्र में हैं और फिलहाल रोहतक में डीडी न्यूज व आकाशवाणी के संवाददाता हैं।






