लखनऊ : अखिलेश सरकार ने उत्तर प्रदेश के विधायकों के लिए यात्रा सुविधा में विस्तार करते हुए उन्हें हवाई यात्रा करने का तोहफा प्रदान किया है। इसके पूर्व उन्हें रेलमार्ग से पूरे देश में रेल यात्रा के लिए एक लाख बीस हजार मूल्य के रेल यात्रा कूपन निशुल्क प्रदान किये जाते थे। अब इसमें से 30 हजार रूपये की राशि विधायक नकद लेकर किसी भी एयरलाइंस से हवाई यात्रा यात्रा कर सकेंगे।
30 हजार रूपये की इस धनराशि की प्रतिपूर्ति विधायकों द्वारा यात्रा के पश्चात की जाएगी। यह सुविधा विधानसभा और विधान परिषद सदस्यों के लिए बनी उत्तर प्रदेश राज्य विधानमंडल नियमावली 1988 को संशोधित कर मंत्रिमंडल द्वारा 20 अगस्त को स्वीकृति की गयी । इसके साथ ही विधायक निधि के रूप में स्वीकृत डेढ करोड़ की धनराशि कोई भी विधानसभा सदस्य अपने क्षेत्र में तथा विधान परिषद सदस्य ( एमएलसी ) प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में निर्माण कार्य/अनुदान आदि के लिए व्यय कर सकता है। वहीं अब कोई भी विधायक अपने निजी विद्यालय को पांच लाख रूपये तक का अनुदान अपनी विधायक निधि से दे सकता है।
वर्तमान में विधायकों को मिलने वाले भत्ते व सुविधाएं
विधायक निधि- एक करोड़ 50 लाख
रेल यात्रा- 90 हजार रूपये के कूपन प्रतिवर्ष
नकद यात्रा-30 हजार रूपये हवाई यात्रा हेतु
बस यात्रा – निशुल्क ( इसके बावजूद भी कोई भी विधायक बस से नहीं चलता है)
दैनिक भत्ता – 500 रूपये प्रतिदिन (सदन चलने पर)
क्षेत्र भत्ता – 500 रूपये प्रतिदिन
मोबाइल टेलीफोन व्यय भत्ता – 6000 रूपये प्रतिमाह
मूल आवास तथा लखनऊ में टेलीफोन लैन्ड लाइन निःशुल्क
चिकित्सा भत्ता- 8000 रूपये प्रतिमाह ,इसके अतिरिक्त प्रदेश के किसी भी सरकारी चिकित्सालय में निशुल्क चिकित्सा की सुविधा ।
लखनऊ से वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार की रिपोर्ट.





