लखनऊ : चुनाव आयोग ने मायावती को बड़ा झटका दिया है. उत्तर प्रदेश में जगह जगह स्थापित हाथी और मायावती की मूर्तियों को ढंकने का आदेश चुनाव आयोग ने दिया है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त एस.वाई. कुरैशी ने इस बारे में कहा है कि यूपी में विधानसभा चुनाव के कारण चुनाव आचार संहिता लागू है. इसलिए प्रदेश भर में जहां-जहां हाथियों और मुख्यमंत्री मायावती की मूर्तियां लगी हैं, उन सभी को ढंक दिया जाएगा.
ज्ञात हो कि मायावती देश की पहली ऐसी नेता हैं जिन्होंने जीते जी अपनी खुद की मूर्तियां लगवाने की घोषणा की और इसको मूर्त रूप दिया. उनकी ये मूर्तियां उनके पांच सालों के शासनकाल के दौरान अन्य दलित नेताओं के साथ लगाई गईं हैं. बसपा का मानना है कि यह मूर्तियां बीएसपी के संस्थापक कांशीराम की इच्छा के अनुरूप लगाई गई हैं.
विपक्षी पार्टियों ने इस बारे में हफ्ते भर पहले चुनाव आयोग से शिकायत की थी. इन पार्टियों का कहना था कि माया और उनकी पार्टी के चुनाव चिह्न हाथी की मूर्तियां चुनाव के दौरान उनको फायदा पहुंचा सकते हैं. देखना है कि चुनाव आयोग के आदेश से मायावती की पार्टी को चुनाव में फायदा पहुंचता है या नुकसान. हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि इस मुद्दे को बसपा के लोग कार्यकर्ताओं तक मनुवादी व्यवहार के रूप में प्रचारित कर वोटबैंक को गोलबंद करने का प्रयास करेंगे.






