एक नवीन कुमार आजतक न्यूज चैनल में हैं. एक नवीन कुमार जी न्यूज में हैं. आजतक वाले नवीन कुमार लिखने और बोलने के उस्ताद हैं. यानी उनकी स्क्रिप्ट और उनकी संवाद अदायगी अदभुत है. जी न्यूज वाले नवीन कुमार क्राइम की खबरों और इनवेस्टीगेटिव स्टोरीज में बेजोड़ हैं. ग्रह-नक्षत्रों की जाने क्या चाल हुई कि दोनों नवीन कुमारों ने एक ही दिन अपना-अपना संस्थान छोड़ा और दूसरे संस्थानों में ज्वाइन कर लिया.
आजतक वाले नवीन कुमार ने विनोद कापड़ी की न्यूज एक्सप्रेस वाली टीम में हिस्सा बनना पसंद किया तो जी न्यूज वाले नवीन कुमार ने एसएन विनोद की जिया न्यूज वाली पारी के सारथी बनना कुबूला. आजतक में नवीन कुमार का पद एसोसिएट एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर का था तो जी न्यूज में नवीन कुमार का पद एडिटर क्राइम का था. आजतक वाले नवीन कुमार न्यूज एक्सप्रेस में डिप्टी एक्जीक्यूटिव एडिटर कम एंकर होकर गए हैं तो जी न्यूज वाले नवीन कुमार जिया न्यूज में मैनेजिंग एडिटर के पद पर पहुंचे हैं. दोनों नवीन कुमारों ने भड़ास से बातचीत में सत्य और निष्ठा के साथ यह कुबूल किया है कि उन्होंने पाला बदल लिया है और नई पारी की शुरुआत कर दी है.






