हिन्दुस्तान आगरा में सब कुछ ठीक-ठाक तो नहीं चल रहा। संपादक पुष्पेन्द्र शर्मा के रवैये से परेशान लोग एक-एक करके हिन्दुस्तान छोड़ते जा रहे हैं। बीते तीन माह में यह हिन्दुस्तान आगरा का छठा विकेट गिरा है। नया नाम सब एडीटर नीरज पटेल का जुड़ा है। खबर है कि उन्होंने आगरा में ही अमर उजाला का दामन थाम लिया है। वह इससे पहले वॉयस ऑफ इंडिया और साधना न्यूज नोयडा ऑफिस में भी काम कर चुके हैं।
आईआईएमसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से निकलकर आए नीरज पटेल की एक माह से खबरों को लेकर अनबन चल रही थी। हालिया विवाद की जड़ आगरा के नगरायुक्त के खिलाफ लिखी एक खबर बताई जाती है। इसके कुछ दिनों बाद ही नीरज को रिपोर्टिंग टीम से हटाकर क्षेत्रीय डेस्क पर बैठने को कहा गया। नीरज इसके बाद से ही छुट्टी पर चले गए और लौटकर आने के बाद हिन्दुस्तान को इस्तीफा थमा दिया। खबर तो यह भी है कि संपादक के रवैये से परेशान कई और लोगों ने हिन्दुस्तान छोड़ने का फैसला कर लिया है जिसमें इसी साल डेस्क पर आए एक सब एडिटर और रिपोर्टिंग टीम से एक प्रमुख संवाददाता का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है।






