बीती रात की खबर है. करीब एक बजे दर्जनों हथियारबंद युवकों ने हिंदुस्तान के मेरठ आफिस पर धावा बोल दिया और जमकर फायरिंग की. ये युवक मेरठ विश्वविद्यालय के बताए जाते हैं. रात एक से चार बजे तक हंगामा चलता रहा. कुछ पत्रकारों के भी घायल होने की सूचना है. बताया जाता है कि कापी एडिटर पारिजात तिवारी की आफिस के नीचे बाइक सवार दो युवकों से किसी बात पर कहासुनी हुई. उसके बाद वे लड़के दुबारा दर्जनों की संख्या में अपने साथियों को लेकर आए जिनके हाथों में तमंचे, डंडे, राड, हाकी, बैट आदि थे. ये लोग हिंदुस्तान आफिस में घुसने लगे.
यह देख पत्रकारों ने आफिस अंदर से बंद कर लिया और सेकेंड फ्लोर की छत से युवकों को भगाने के लिए जो भी सामान मिला उसे फेकने लगे. नीचे खड़े युवकों ने भी जमकर फायरिंग की. ग्राउंड फ्लोर पर एचआर व एकाउंट आफिस में जमकर तोड़फोड़ की. बाद में पुलिस आई तो सभी भागे. इस घटना से मेरठ के मीडियाकर्मियों में हड़कंप है. हिंदुस्तान का आफिस मेरठ विवि के करीब है. बदमाश युवक बाद में विवि की तरफ ही भाग गए. पुलिस की हिम्मत विवि में घुसने की नहीं पड़ी. बड़े अफसर मौके पर पहुंच गए.






