यूपी में पत्रकारों पर हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. ताजा मामला मुरादाबाद से जुड़ा हुआ है. हिंदुस्तान के बबराला तहसील प्रतिनिधि भूपेंद्र कुमार के साथ सपाइयों ने मारपीट की. सपाइयों ने किसी बात को लेकर भूपेंद्र पर बीच चौराहे पर हमला किया. इसके बाद उन लोगों ने पुलिस पर दबाव बनवाकर मामला भी दर्ज कराने की तैयारी कर ली. सपाइयों के दबाव में पत्रकार को घंटों थाने पर बैठाए रखा गया.
पत्रकार से मारपीट करने की सूचना जब अन्य मीडियाकर्मियों को मिली तो वे भी थाने पहुंच गए. हिंदुस्तान के वरिष्ठ लोग भी थाने पहुंचे. भूपेंद्र पर मुकदमा लिखने की तैयारी कर रही पुलिस पर मीडियाकर्मी भी दबाव बनाकर मामला दर्ज करने की मांग करने लगे. इसके चलते वहां तनाव बढ़ गया. बताया जा रहा है इस दौरान गहमागहमी की स्थिति बनी रही. बाद में सपा विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया.





