: मोहम्मद सनाउल्लाह खां की जगह बीरेंद्र कुमार को दी गई जिम्मेदारी : मुंगेर। लगभग 200 करोड़ के दैनिक हिन्दुस्तान विज्ञापन घोटाला के जांच की जिम्मेदारी अब मुंगेर के कोतवाली पुलिस थाना के आरक्षी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। उन्हें इस मामले की जांच पूरी करके तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। अब इस मामले की जांच आरक्षी निरीक्षक मोहम्मद सनाउल्लाह खां कर रहे थे। नए आदेश के बाद अब बीरेंद्र कुमार पूरे मामले की जांच करेंगे। श्री खां ने इस कांड से जुड़ी संचिका और सभी कागजात नए पुलिस अनुसंधान पदाधिकारी सह आरक्षी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार को सौंप दिया है।
पटना उच्च न्यायालय के 17 दिसंबर के इस फैसले के बाद मुंगेर कोतवाली कांड संख्या-445/2011 के नामजद अभियुक्त श्रीमती शोभना भरतिया (अध्यक्ष, मेसर्स हिन्दुस्तान मीडिया वेन्चर्स लिमिटेड, नई दिल्ली), अमित चोपड़ा (पूर्व प्रकाशक, मेसर्स हिन्दुस्तान मीडिया वेन्चर्स लिमिटेड, नई दिल्ली), शशि शेखर (प्रधान संपादक, दैनिक हिन्दुस्तान, नई दिल्ली), अवध कुमार श्रीवास्तव उर्फ अकू श्रीवास्तव (पूर्व संपादक, दैनिक हिन्दुस्तान, पटना संस्करण, पटना) और बिनोद बंधु ( पूर्व स्थानीय संपादक, दैनिक हिन्दुस्तान, भागलपुर संस्करण, भागलपुर) के गर्दन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। जांच के बाद बिहार पुलिस नामजद अभियुक्तों को कभी भी क्षण गिरफ्तार कर सकती है। सभी नामजद अभियुक्त भारतीय दंड संहिता की धाराएं 420/471 और 476 और प्रेस एण्ड रजिस्ट्रेशन आफ बुक्स एक्ट,1867 की धाराएं 8 (बी), 14 और 15 के अन्तर्गत आरोपित हैं।
मुंगेर से श्रीकृष्ण प्रसाद की रिपोर्ट. इनसे संपर्क मोबाइल नम्बर 09470400813 के जरिए किया जा सकता है.






