मुंगेर। दिन 05 फरवरी, 13। दोपहर का समय। लगभग एक बज रहे थे। अचानक मेरे मोबाइल पर घंटी बजी। मोबाइल स्क्रीन पर नम्बर आ रहा था- 9910562206। मोबाइल आन करने पर आवाज आई -‘‘हैलो, आप श्रीकृष्ण प्रसाद बोल रहे हैं। मैं पीएम हाउस, नई दिल्ली से बोल रहा हूं। दैनिक हिन्दुस्तान के विज्ञापन फर्जीवाड़ा से जुड़े आपके ‘ई-मेल‘ मिले हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय आपसे इस संबंध में पत्राचार करना चाहता है। आप अपना पता मेरे मोबाइल नम्बर पर तुरंत भेजें।‘‘
जब मैंने शुभ नाम और पद बताने का अनुरोध किया, तो काल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम ‘मि0 कपूर‘ बताया। उन्होंने अपने पद की जानकारी नहीं दी। मैंने अपने मोबाईल नं.- 09470400813 से मि. कपूर को अपना पता कुछ ही देर में भेज दिया। इस बीच, 07 फरवरी, 13 की संध्या जब मैंने प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के निवास पर दूरभाष संख्या- 01123018939 (नई दिल्ली) पर इस संबंध में छानबीन की, तो प्रधानमंत्री कार्यालय की महिला कर्मचारी ने स्पष्ट रूप से कहा – ‘‘मि0 कपूर के नाम से कोई व्यक्ति यहां काम नहीं करते हैं।‘‘
जब मैंने घटना की जानकारी दी, तो फोन ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारी ने पूरी घटना की लिखित सूचना प्रधानमंत्री कार्यालय भेजने का निर्देश दिया। मैंने इस संबंध में शीघ्र ही लिखित शिकायत-पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली और मुंगेर पुलिस को भेजने का फैसला लिया है। मुझे आशंका है कि दैनिक हिन्दुस्तान विज्ञापन फर्जीवाड़ा के नामजद अभियुक्तों की साजिश के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम पर काल आ रहे हैं और मुझे फंसाने की साजिश की जा रही है। मेरे द्वारा मेरे पता से संबंधित एसएमएस का दुरुपयोग किसी साजिश की रचना में किया जा सकता है।
यह रिपोर्ट बिहार में हिंदुस्तान के विज्ञापन घोटाले की पोल खोलने वाले मुंगेर के पत्रकार-एक्टिविस्ट श्रीकृष्ण प्रसाद की आपबीती है. श्रीकृष्ण प्रसाद लगातार कारपोरेट मीडिया और उनकी साजिशों से लड़ते-भिड़ते इस मुकाम पर पहुंचे हैं कि हिंदुस्तान के खिलाफ इस मामले में पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद जांच हो रही है. इनसे संपर्क मोबाइल नं. -09470400813 के जरिए किया जा सकता है.