हिंदुस्तान, कानपुर से खबर है कि सर्कुलेशन मैनेजर अनुराग सिंह का तबादला गोखरपुर के लिए कर दिया गया है. अनुराग सिंह के तबादले की सूचना के बाद प्रसार से जुड़े लोग नाराज बताए जा रहे हैं. चर्चा है कि पिछले दिनों ग्रुप के सीईओ अमित चोपड़ा एवं प्रधान संपादक शशि शेखर के दौरे की गाज अनुराग पर गिराई गई है. अन्य लोगों को छोड़ दिया गया है. खबर है कि अनुराग की जगह देहरादून के प्रसार विभाग से किसी को कानपुर लाया जा रहा है. हालांकि उसके नाम का खुलासा नहीं हो पाया है.
अनुराग काफी लम्बे समय से कानपुर यूनिट का प्रसार देख रहे थे. फिलहाल उन्होंने अभी गोरखपुर ज्वाइन नहीं किया है. कानपुर यूनिट में संपादकीय की स्थिति भी काफी खराब है. कई जिलों में हिंदुस्तान को खोजने पर पत्रकार भी नहीं मिल रहे हैं. ज्यादातर पुराने लोगों को निपटा दिया गया है. इसी बीच खबर है कि औरैया में एक स्ट्रिंगर ने ब्यूरोचीफ से कहासुनी के बाद इस्तीफा दे दिया है. जानकारी के अनुसार पिछले दिनों ब्यूरोचीफ बनाकर भेजे गए अनिल शुक्ला के औरैया पहुंचने के बाद तीन रिपोर्टरों ने हिंदुस्तान को बाय बोल दिया था. इसके बाद कुछ नए लोगों की भर्ती की गई. इसी में मनीष तिवारी भी शामिल थे.
सूत्रों का कहना है कि अनिल शुक्ला का व्यवहार अपने स्ट्रिंगरों के प्रति ठीक नहीं था. इसी को लेकर अनिल शुक्ला और मनीष तिवारी के बीच कहासुनी हुई. अनिल ने मनीष को काफी कुछ सुना दिया, जिससे नाराज होकर मनीष ने अपना इस्तीफा दे दिया. मनीष को हिंदुस्तान ज्वाइन किए एक महीना भी नहीं हुआ था. सूत्रों का कहना है कि औरैया सिटी में अखबार की हालत अत्यन्त खराब है. पांच सौ अखबार के सर्कुलेशन वाला हिंदुस्तान डेढ़ सौ के आसपास सिमट गया है.






