अगरतला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज परिसर में 5 अप्रैल को हुई हिंसा मामले में .पुलिस ने एक महिला समेत तीन स्वतंत्र पत्रकारों को अरेस्ट किया है. इन लोगों के अलावा कई और लोग भी गिरफ्तार किए गए हैं. कोर्ट ने महिला पत्रकार को छोड़कर दोनों पत्रकारों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उल्लेखनीय है कि अस्पताल परिसर में पिछले शुक्रवार को उस समय हिंसा हुई जब एक महिला की मौत को लेकर परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया.
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की डॉक्टरों की शिकायत के बाद तीन पत्रकारों को रविवार को गिरफ्तार किया गया. जबकि पत्रकारों की शिकायत पर मेडिकल छात्रों और डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया. इस घटना में नौ फोटो पत्रकार समेत 27 लोग घायल हुए थे. राज्य में इस मुद्दे को लेकर काफी हंगामा हुआ था. अगरतला प्रेस क्लब ने स्वास्थ्य मंत्री तपन चक्रवर्ती के समक्ष इस मुद्दे को उठाया. इसके बाद राज्य सरकार ने इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे.






