शिमला : हिमाचल परदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार श्री एस. राजेन टोडरिया के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री टोडरिया का मंगलवार प्रातः दिल का दौरा पड़ने से देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल में निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और पुत्री छोड़ गए हैं। शोक संतप्त परिवार को भेजे अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री टोडरिया ने सक्रिय पत्रकार के तौर पर आम लोगों व पहाड़ी क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया। उन्हें गंभीर व स्तरीय पत्रकारिता के लिए जाना जाता था। पत्रकार के तौर पर समाज को दी गई उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्री एस. राजेन टोडरिया के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक संवेदनशील पत्रकार थे, जिन्होंने आम लोगों की समस्याओं को हमेशा प्रभावी तरीके से उठाया। पत्रकार के रूप में दी गई उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। हिमाचल प्रदेश में भी उन्होंने कई प्रमुख समाचार पत्रों में अहम् पद पर कार्य कर अपने लेखन से नए आयाम स्थापित किए। उनके निधन से समाज ने एक अच्छा पत्रकार खोया है, जिनके लेखन को लम्बे समय तक याद रखा जाएगा।






