अंतरजाल यानी इंटरनेट की दुनिया जितनी सहूलियत देती है उतनी ही परेशानी भी पैदा कर देती है. बिहार-झारखंड के वरिष्ठ तथा जाने माने पत्रकार हैं ओम प्रकाश अश्क. प्रभात खबर, हिंदुस्तान को लंबे समय तक सेवा देने के बाद कोलकाता में एक अखबार को लांच कराने की तैयारियों में जुटे हुए हैं. पुराने दौर के पत्रकार हैं लिहाजा नई तकनीक का इस्तेमाल तो करना जानते हैं लेकिन इससे इतने फ्रेंडली नहीं हैं. इसी का नाजायज फायदा उठाते हुए कुछ शरारती लोगों ने उनके फेसबुक एकाउंट को एक तरीके से हैक करते हुए अनाप शनाप लिख डाला. जब इसकी असलियत जानने के लिए लोग ओम प्रकाश जी को फोन करने लगे तब उन्हें इस बात की जानकारी हुई.
इस बारे में पूछे जाने पर ओम प्रकाश अश्क ने बताया कि ऑफिस में ही मौजूद एक कम्प्यूटर पर उन्होंने अपना फेसबुक एकाउंट चेक किया. इस दौरान गलती से वो उसे लॉग आउट करना भूल गए. इसी बीच कार्यालय के ही किसी शरारती व्यक्ति ने उनके फेस बुक वॉल पर – ''Mere mitro. Aap sabko pata hai ki filhal mai berojgar hun. Yah silsila karib 8 mahine se chal raha hai. Kolkata mein ek akhbar se juda, par mahine bhar mein launching se pahle hi wah bund ho gaya. Aise waqt mein aapki sahayata ki mujhe sakht jarurat hai. Khud kuchh kar sakun, isliye sidhe taur par mai aap logon se aarthik madad ki apeal karta hun. Aap sabhi jitni madad kar saken, mere prati wah aapka sneh hoga. Mai apna Kolkata sthit CANARA BANK ka account number de raha hun- – 2215101006198. IFSC code hai- – CNRB 0000344 – MICR code- 700015007'' पर लिख डाला.
श्री अश्क बताते हैं कि इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब कुछ लोगों ने फोन करके मामले की सच्चाई जानने की कोशिश की. इसके बाद उन्होंने किसी तरह से इस को डिलीट करवाया. उन्होंने बताया कि मुझे तो ठीक से पता भी नहीं था कि डिलीट कैसे होता है. अमूमन मैं अपने लैपटॉप से ही काम करता हूं, पर उस दिन ऑफिस के सिस्टम से काम किया और इस तरह की गड़बड़ी हो गई.






