कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कड़े निर्देश के बावजूद उत्तर 24 परगना पुलिस पत्रकारों पर जानलेवा हमला करने और जिन्दा जलाने की कोशिश मामले में मुख्य आरोपी शिवू यादव को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। शिवू अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। हालांकि शनिवार तक पुलिस ने इस कांड में तृमूकां के तीन समर्थकों समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गत शुक्रवार को बैरकपुर में तृमूकां के दो गुटों के बीच हुए संघर्ष के दौरान संवाद संकलन करने गए पत्रकारों पर तृमूकां के एक गुट ने जानलेवा हमला किया। इस हमले में कई पत्रकार घायल हुए जिसमें गंभीर रूप से घायल 24 घंटा न्यूज चैनल के वरुण सेनगुप्त और बांग्ला न्यूज चैनल एबीपी आनंद के आस्तिक चटर्जी को शनिवार को कोलकाता के एक निजी अस्तपताल में चिकित्सा के लिए भर्ती किया गया है। हमलावरों ने जहां वरुण सेनगुप्तो को जिन्दा जलाकर मारने की कोशिश की वहीं एबीपी आनंद के आस्तिक को रॉड से पीटकर अधमरा कर दिया।
बैरकपुर में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों पर हुए हमले की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी निंदा की और बिना राजनीतिक रंग देखे दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। हालांकि उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की हमले में संलिप्तता से इनकार किया है। सीएम के आदेश के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पत्रकारों पर हमला करने वाले 11 आरोपियों को अरेस्ट किया लेकिन मुख्य आरोपी सारी कवायद को धत्ता बताते हुए फरार हो गया।