मुंबई। पाकिस्तान के 14 पत्रकारों का एक दल आज जब मुंबई के सहार स्थित छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर उतरे तो यहां उनका तुतारी बजाकर परंपरागत मराठी अंदाज में स्वागत हुआ। यह दल एक सप्ताह की अध्ययन यात्रा भारत आया है। मुंबई प्रेसक्लब के निमंत्रण पर भारत आए इन 14 पत्रकारों में सभी प्रमुख पाकिस्तानी अखबारों के नधि शामिल हैं। यह मुंबई और पुणे में एक सप्ताह रहेंगे। आजाद भारत के इतिहास में भारत आनेवाला यह पाकिस्तानी पत्रकारों का यह पहला आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल हैं।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से इन्हें राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया है। मुंबई में उतरने के बादतुतारी घोष, फूल-मालाओं एवं माथे पर लाल टीके स्वागत से अभिभूत कराची प्रेसक्लब के अध्यक्ष ताहिर हसन खान ने कहां कि वह भारत की धरती पर कदम रखकर बहुत खुश हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कराची एवं मुंबई प्रेसक्लब के इस संयुक्त प्रयास से दोनों देशों के बीच गलतफहमियां दूर करने एवं रिश्ते सुधारने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि मुंबई और कराची के पत्रकारों के बीच आवागमन का सिलसिला पिछले वर्ष नवंबर में शुरू हुआ था, जब कराची प्रेसक्लब के निमंत्रण पर मुंबई प्रेसक्लब का 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान के कराची एवं हैदराबाद के एक सप्ताह के दौरे पर गया था। कराची में दोनों प्रेसक्लब के सदस्यों के बीच हुए द्विपक्षीय संवाद में यह तय किया गया था कि दोनों प्रेसक्लब अपनी-अपनी सरकारों पर मीडियाकर्मियों का आवागमन आसान बनाने का दबाव बनाएंगे। वर्तमान स्थिति में दोनों देशों केसिर्फ दो पत्रकारों को ही एक-दूसरे के देश में रहने की अनुमति प्राप्त हैं।