स्टार न्यूज़ के बाद अब पी7 न्यूज़ भी उत्तराखंड में होने वाले चुनाव को लेकर जनता के बीच पहुंच रहा है. स्टार न्यूज़ के कार्यक्रम 'कौन बनेगा मुख्यमंत्री' की तर्ज पर पी7 न्यूज़ भी अपना एक कार्यक्रम 'जनादेश यात्रा-2012' को लेकर उत्तराखंड के हर जिले में जा रहा है. पी7 ने इसकी शुरुआत उत्तराखंड के द्वार हरिद्वार से की. हरिद्वार में पी7 की टीम अपने लाव-लश्कर के साथ पहुंची और कार्यक्रम प्रस्तुत किया. इस प्रोग्राम में हरिद्वार के कांग्रेस के नेता सतपाल महाराज, बीजेपी नेता राममूर्ति वीर, बसपा से गुलशन अरोड़ा और कांग्रेस से बागी नेता अशोक शर्मा मौजूद थे.
साथ ही थी हरिद्वार की जनता. हालांकि प्रशासन ने प्रोग्राम की इजाजत बा-मुश्किल दी और दी भी तो कई शर्तों पर. प्रशासन को डर था कि कहीं स्टार न्यूज़ के प्रग्राम की तरह इसमें भी नेता समर्थक कुर्सियां न चलायें. इसीलिए प्रशासन ने भारी मात्रा में पुलिस बल को तैनात किया गया था. गौरतलब है कि स्टार न्यूज़ के कार्यक्रम में पिछले दिनों बीजेपी और कांग्रेस के समर्थकों में खूब मारपीट हुई थी. इस लड़ाई को हरिद्वार की जनता के साथ साथ पूरे देश ने लाइव देखा था. इसका पूरा असर पी7 के प्रोग्राम में देखा गया. कार्यक्रम स्थल पर खुद निर्वाचन अधिकारी को खड़ा रहना पड़ा.
कार्यकम की शुरुआत हरिद्वार के मुद्दों से शुरू हुई और देहरादून की राजनीती को छूती हुई दिल्ली तक गयी. इस कार्यक्रम में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहे कांग्रेस के बागी नेता अशोक शर्मा. अशोक शर्मा ने हरिद्वार विधायक मदन कौशिक को खूब खरी खोटी सुनाई. तक़रीबन एक घंटे तक चली इस चुनावी बहस में हरिद्वार की जनता ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और नेताओं से अपने सवाल भी पूछे. पी7 की इस लाइव बहस को लोगों ने पसंद किया. इसके बाद पी7 की पूरी टीम अगले पड़ाव की तरफ चल दी.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.






