दैनिक जागरण पेड न्यूज, अपने पत्रकारों का शोषण करने को लेकर तो अक्सर चर्चा में रहता है, पर अब इस अखबार ने झूठ छापना भी शुरू कर दिया है. थेथरई और जनविरोधी पत्रकारिता करने में अब लग रहा है कि दैनिक जागरण का कोई सानी नहीं है. इसकी बानगी देखने को मिली चरखी-दादरी में, जहां मंत्री के दबाव में जागरण ने खबर ही गलत छाप दी. हुडा सेक्टर नौ ए तथा दस का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने हरियाणा के सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान पर झूठा आश्वासन देने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला फूंका.
इसके पहले ग्रामीणों ने सहकारिता मंत्री के पुतले की जमकर पिटाई की, चूड़ी पहनाई. इस खबर को हरियाणा से प्रकाशित सभी खबरों ने प्रमुखता से छापा तथा हेडिंग में सहकारिता मंत्री का पुतला फूंके जाने का उल्लेख भी किया, परन्तु दैनिक जागरण अपनी चाटुकारिता एवं सच का गला घोंटने वाली मानसिकता दिखाते हुए सहकारिता मंत्री की बजाय प्रशासन का पुतला फूंकवा दिया. बताया जा रहा है कि मंत्री के दबाव में जागरण ने गलत खबर छापी, जबकि मंत्री का दबाव अन्य अखबारों पर भी था, परन्तु किसी ने खबर तथा सच से समझौता नहीं किया. दैनिक जागरण की इस पत्रकारिता का स्थानीय लोग जमकर मजाक उड़ा रहे हैं.









