प्रभात खबर ने यूपी में भी अपनी दस्तक दे दी. अखबार का बलिया एडिशन लांच कर दिया गया है. लांचिंग के मौके पर बिहार के प्रभारी स्वयं प्रकाश, पटना के स्थानीय संपादक प्रमोद मुकेश, बिजनेस हेड विजय बहादुर आदि लोग मौजूद थे. लांचिंग के मौके पर बलिया के जिला पंचायत सभागार में संगोष्ठी आयोजित की गयी. संगोष्ठी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ लालजी सिंह ने भी अपने विचार रखे.
डा. लालजी सिंह ने समाचार पत्रों का व्याख्यान करते हुए कहा कि आज कोई भी समाचार पत्र सारी बातें छापता तो है, पर वैज्ञानिकों को जगह नहीं देता है. उन्होंने प्रभात खबर के प्रभारी संपादक (बिहार) स्वयं प्रकाश की तरफ जोर देते हुए कहा कि आप अपने पत्र में वैज्ञानिकों को स्थान दीजिए. उन्होंने बताया कि आज समाज में अगर अपने उत्तरदायित्व का सभी सही उपयोग करने लगे, तो एक विकसित समाज का स्वरूप बन सकता है. मौके पर बीएचयू के डीन डॉ विनय कुमार सिंह, जेपी विश्वविद्यालय के डीन डॉ वीरेंद्र नारायण यादव,बलिया के डीएम सत्य नारायण श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे. इससे पहले सुबह संपादकीय प्रभारी (बिहार)स्वयं प्रकाश ने चित्तू पांडेय चौराहे पर प्रभात खबर के जनपदीय कार्यालय का उद्घाटन किया और कहा कि आज का युग पैसे से प्रभावित तो है, पर उसमें भी प्रभात खबर ने अपनी पवित्रता बनाये रखी है, इसीलिए आज बिहार झारखंड एवं बंगाल में नंबर एक पर है. बिहार बिजनेस हेड विजय बहादुर ने अतिथियों को स्मृतिचिह्न् भेंट कर सम्मानित किया.





