कई उपलब्धियों को अपने साथ जोड़ चुके समाचार प्लस चैनल के सीईओ एवं एडिटर इन चीफ उमेश कुमार को एक और बड़ी सफलता मिली है. दिल्ली की भारत ब्राडकास्टिंग कंपनी ने उमेश कुमार के साथ पांच सौ करोड़ रुपये का समझौता किया है. इस समझौते के तहत उमेश कुमार चार रीजनल न्यूज चैनल, एक नेशनल न्यूज चैनल तथा एक भोजपुरी न्यूज चैनल लांच करेंगे. इस चैनल की पूरी जिम्मेदारी उनके समेत उनकी टीम संभालेगी.
यह भारत ब्रांडकास्टिंग कंपनी का शुरुआती इनवेस्टमेंट है. कंपनी इसके बाद कई चरणों में पैसा निवेश करेगी. साथ ही नियमानुसार एफडीआई (विदेशी प्रत्यक्ष निवेश) के माध्यम से भी विदेशों से पैसे जुटाए जाएंगे. समझौते के तहत उमेश कुमार यूपी-उत्तराखंड, एमपी-सीजी, हरियाणा तथा राजस्थान के लिए रीजनल चैनल लांच कराएंगे. इसके अलावा एक नेशनल हिंदी चैनल तथा एक भोजपुरी न्यूज चैनल लांच किया जाएगा. ये चैनल समाचार प्लस से अलग होंगे.
सूत्रों का कहना है कि समझौते की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. जल्द ही इस पर क्रियान्वयन शुरू कर दिया जाएगा. इन चैनलों की जिम्मेदारी भी उमेश कुमार और उनकी टीम ही संभालेगी. समाचार प्लस चैनल को यूपी-उत्तराखंड में पहचान दिलाने वाले मैनेजिंग एडिटर अमिताभ अग्निहोत्री, एक्जीक्यूटिव एडिटर प्रवीण साहनी एवं अतुल अग्रवाल इन चैनलों में भी प्रमुख भूमिका निभाएंगे. उमेश कुमार के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. इसे मीडिया में उनके लगातार बढ़ते दबदबे के रूप में देखा जा रहा है. गौरतलब है कि उमेश कुमार मीडिया के अलावा रीयल स्टेट, मोबाइल न्यूज सर्विस, गोल्फ टूर्नामेंट, फिल्म प्रोडक्शन समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय हैं.






