दैनिक जागरण समूह के अखबार नवदुनिया से खबर है कि रायसेन के ब्यूरोचीफ अम्बुज माहेश्वरी ने इस्तीफा दे दिया है. वे सात सालों से नवदुनिया को अपनी सेवाएं दे रहे थे. रायसेन में अम्बुज ने अपनी अलग पहचान बनाई थी, परन्तु जागरण समूह के द्वारा इस अखबार को खरीदे जाने के बाद उनपर लगातार अधिक राजस्व दिए जाने का दबाव बनाया जा रहा था. अम्बुज के पिता रायसेन में नवदुनिया के ब्यूरोचीफ थे. दुर्घटना में उनकी यादाश्त जाने के बाद नवदुनिया प्रबंधन ने उनके परिवार की जिम्मेदारी उठाते हुए अम्बुज को नवदुनिया से जोड़ लिया था.
नवदुनिया को जागरण द्वारा खरीदे जाने के बाद से ही इसकी स्थिति खराब होती चली गई. अम्बुज ने भरी मीटिंग में ऐलान किया कि वे जागरण की मंशा के अनुसार पैसा जुटाने के लिए लोगों को ब्लैकमेल नहीं करेंगे. सूत्रों का कहना है कि युवा ब्यूरोचीफ अम्बुज की छवि एक ईमानदार पत्रकार की है. इस्तीफे के संबंध में पूछे जाने पर अम्बुज ने बताया कि डीजीएम नीरज पाण्डेय उनपर पैसा जुटाने का दबाव बना रहे थे. उन्होंने ब्लैकमेलिंग करके पैसा जुटाने की बजाय इस्तीफा दे देना बेहतर समझा क्योंकि मुझे नवदुनिया के परम्परा और अपने पिता के विरासत को गंदा नहीं होने देना था.






