सहारा में विजय राय एवं प्रदीप राय की वापसी की जबर्दस्त चर्चा है. खबर है जिस तरह इन लोगों को अखबार में सूचना प्रकाशित कर बाहर किया गया था, उसी तरह अखबार में इन लोगों की वापसी की सूचना प्रकाशित की जा रही है. हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पा रही है लेकिन सहारा से जुड़े उच्च सूत्र इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि विजय राय एवं प्रदीप राय की वापसी हो रही है.
इसके पीछे चर्चा यह है कि इन दोनों लोगों के पास सहारा के गोरखधंधे से जुड़ी तमाम कहानियां, किस्से और सबूत हैं. चारों तरफ से परेशानियों में घिरे सुब्रत रॉय इस समय बुरी तरह दबाव में हैं. बताया जा रहा है कि यही दबाव इन लोगों की वापसी का प्रमुख कारण बन रहा है. विजय राय एवं प्रदीप राय को वित्तीय अनियमितता के आरोप में सूचना प्रकाशित कराकर सहारा से बाहर किया गया था. माना जा रहा था कि इन दोनों लोगों को बाहर किए जाने में उपेंद्र राय की महत्वपूर्ण भूमिका था.
सूत्रों का कहना है कि इनकी वापसी भी उपेंद्र राय के लिए झटका जैसा है. सहारा श्री अपने गोरखधंधे के खुलासे और सेबी-सुप्रीम कोर्ट के तीखे तेवरों से बुरी तरह दबाव में हैं. इसलिए वे दूसरे मोर्चों पर लड़ पाने की स्थिति में नहीं हैं इसलिए जिनके पास भी सहारा की गड़बडि़यों को लेकर थोड़ी भी सूचना और जानकारी है उसको सहारा मीडिया में पूरा सम्मान दिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि इसी कड़ी विजय राय एवं प्रदीप राय की वापसी भी हो रही है.





