न्यूज चैनल की दुनिया में अक्सर कोई नया चैनल खुलता है और कुछ समय चलने के बाद आर्थिक दिक्कतों से जूझता और कर्मचारियों को तनाव-दबाव-बेरोजगारी देकर बंद हो जाता है. बाजार में दर्जनों उदाहरण मौजूद हैं कि बड़ी धूमधाम और बड़े बजट के साथ शुरू हुए चैनल बिना किसी योजना के धराशायी हो गए. समय के साथ सैलरी क्राइसिस भी शुरू हो गया. इस दौर में ऐसी परम्परा के उलट उमेश कुमार के नेतृत्व में संचालित समाचार प्लस ने अपने लांचिंग के एक साल पूरा होने से पहले ही कर्मचारियों को इंक्रीमेंट का तोहफा दिया है.
चैनल लांचिंग के समय से ही अपने कर्मचारियों तथा स्ट्रिंगरों के प्रति उदार रहने वाले उमेश कुमार ने साल भर के भीतर इंक्रीमेंट देकर इसे साबित भी किया है. इंक्रीमेंट होने से कर्मचारी भी उत्साह से भर गए हैं. माना जा रहा है कि चैनल के अच्छे परफार्मेंस को देखते हुए सभी कर्मचारियों को दस से लेकर पंद्रह प्रतिशत तक का इंक्रीमेंट मिला है. उल्लेखनीय है कि एक साल के भीतर ही समाचार प्लस चैनल ने यूपी-उत्तराखंड में अपनी एक अलग पहचान बना ली है. यह चैनल पुराने और जमे जमाए रीजनल चैनलों के लिए बहुत बड़ा चुनौती साबित हो रहा है.
उमेश कुमार, अमिताभ अग्निहोत्री, प्रवीण साहनी और अतुल अग्रवाल जैसे लोगों के नेतृत्व में संचालित हो रहा समाचार प्लस नए चैनलों के लिए भी मार्ग दर्शक साबित हो रहा है. प्रबंधन जल्द ही राजस्थान चैनल की लांचिंग की भी तैयारियों में जुटा हुआ है. इसके लिए सारी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं. इसके बावजूद कर्मचारियों को इंक्रीमेंट का तोहफा देकर उनके मनोबल को बढ़ाया गया है. सूत्रों का कहना है कि अगर सब कुछ सही रहा तो अच्छे काम करने वाले कर्मचारियों को आने वाले समय में प्रमोशन भी दिया जाएगा. फिलहाल इंक्रीमेंट पाकर कर्मचारी खुश हैं.






