लाइव इंडिया, मुंबई से खबर है कि ब्यूरोचीफ रहे रवि तिवारी ने ऑफिस जाना बंद कर दिया है. वे पिछले कई दिनों से ऑफिस नहीं जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि रवि प्रबंधन के रवैये से बहुत ही नाराज हैं. रवि लाइव इंडिया के पुराने कर्मचारियों को सम्मान और तवज्जो नहीं मिलने से नाराज बताए जा रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि जब से जी न्यूज से इस्तीफा देकर विजय शेखर लाइव इंडिया पहुंचे हैं तब से पुराने कर्मचारियों के लिए स्थितियां खराब हो गई हैं.
विजय शेखर के आने से पहले रवि तिवारी ही लाइव इंडिया और मी मराठी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब जी न्यूज और जी मराठी से निकाले गए या इस्तीफा देने वालों के लिए लाइव इंडिया और मी मराठी नया घर साबित हो रहा है. सतीश के सिंह के सौजन्य से ये लोग बड़ी-बड़ी सैलरी पर चैनल ज्वाइन कर रहे हैं, जबकि पुराने लोग बहुत ही कम सैलरी पर काम कर रहे हैं. प्रबंधन से जब पुराने लोगों की सैलरी बढ़ाने की बात कही जा रही है कि नए लोगों का कहना है कि पुराने कर्मचारियों से उनका कोई लेना देना नहीं है.
खबर है कि जी मराठी छोड़ने वाले तमाम लोगों को मी मराठी ज्वाइन कराया गया है. जबकि इसके उलट लाइव इंडिया से इस्तीफा देने वालों के लिए जी का दरवाजा इतनी आसानी से खुलता नहीं दिख रहा है. पुराने कर्मचारी तनाव में काम कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि ऐसी ही तमाम परिस्थितियों से नाराज रवि तिवारी ने ऑफिस जाना बंद कर दिया है. उन्होंने अभी अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है. रवि की गिनती मुंबई के सुलझे तथा अच्छे पत्रकारों में होती है. अब देखना है कि रवि आगे क्या निर्णय लेते हैं.





