जनसंदेश टाइम्स, लखनऊ से खबर है कि प्रबंधन ने अखबार में कार्यरत कर्मचारियों का इंक्रीमेंट तथा प्रमोशन किया है. कर्मचारियों का चार सौ रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक इंक्रीमेंट लगाया गया है. काफी समय से परेशानियों से जूझ रहे कर्मचारियों के लिए डा. सुभाष राय की वापसी खुशहाली लेकर आई है. पिछले काफी समय से समय से वेतन आने की राह देखने वाले कर्मचारियों को इंक्रीमेंट के अलावा प्रमोशन ने दोहरी खुशी दी है.
ज्यादातर कर्मचारियों को एक पायदान का प्रमोशन दिया गया है. वरिष्ठ पदों पर कार्यरत फीचर एडिटर हरे प्रकाश उपाध्याय को प्रमोट करके एडिटर फीचर बना दिया गया है. चीफ सब एडिटर सत्येंद्र कुमार मिश्रा को प्रमोट करके समाचार संपादक बना दिया गया है. सीनियर सब एडिटर कमल वर्मा को चीफ सब एडिटर बनाया गया है. इसके अलावा अतुल सिंह, संतोष सिंह, अमित गुप्ता, सलाहुद्दीन समेत तमाम कर्मचारियों का प्रमोशन किया गया है.
गौरतलब है कि लंबे समय से जनसंदेश टाइम्स, लखनऊ के कर्मचारी अनियमित सैलरी और प्रमोशन न होने के चलते परेशान थे. जनसंदेश टाइम्स के संस्थापक संपादक डा. सुभाष राय की वापसी के बाद अखबार के हालात में बदलाव आने शुरू हो गए हैं. पहले ही कई तरह की परेशानियों से जूझ रहा यह अखबार कम से कम लखनऊ में अपनी पुरानी पहचान की तरफ वापस लौटता दिख रहा है. इस बीच कई लोगों को बाहर किए जाने तथा नए लोगों के आने से अखबार का कलेवर भी बदला है.






