दैनिक भास्कर से खबर है कि कल्पेश याज्ञनिक की पॉवर को अब सीमित कर दिया गया है. नवनीत गुर्जर के साथ मिलकर भास्कर के कई वरिष्ठों के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाले कल्पेश अब खुद इस असहज स्थिति के शिकार बन रहे हैं. भोपाल में नेशनल न्यूज रूम समेत कई जिम्मेदारियां संभालने वाले कल्पेश को अब केवल इंदौर तक सीमित कर दिया गया है. कभी उनके खास साथी रहे नवनीत गुर्जर को नेशनल न्यूज रूम की जिम्मेदारी दी गई है.
पिछले काफी समय से कल्पेश याज्ञनिक भोपाल की जगह इंदौर में बने नए बिल्डिंग में बैठ रहे हैं. पहले खबर आ रही थी कि नेशनल न्यूज रूम भी इंदौर में शिफ्ट होगा लेकिन प्रबंधन ने इस योजना को खारिज कर दिया. अब कल्पेश के जिम्मे संपादकीय पेज और संडे जैकेट की जिम्मेदारी रहेगी. जबकि नेशनल न्यूज रूप की जिम्मेदारी नवनीत गुर्जर संभालेंगे. प्रबंधन के इस फैसले के बाद नवनीत गुर्जर का कद बढ़ गया है. नवनीत के साथ मिलकर कमलेश सिंह, राजीव सिंह समेत कई तेजतर्रार एवं प्रतिभाशाली पत्रकारों के भास्कर छोड़ने को मजबूर करने वाले कल्पेश अब खुद अपने उसी हथियार के शिकार हो गए हैं.
भास्कर छोड़ने वाले सभी लोग नए जगहों पर अच्छी स्थिति में पहुंच गए लेकिन बड़ा सपना देखने वाले कल्पेश याज्ञनिक अब भास्कर में सीमित कर दिए गए हैं. कल्पेश ने जिस नवनीत गुर्जर को अपने साथ लेकर सारी योजनाएं बनाई थीं, वहीं नवनीत गुर्जर उनके लिए बड़ी समस्या बनते नजर आ रहे हैं. माना जा रहा है कि पिछले दिनों भास्कर समूह से कई वरिष्ठों के इस्तीफा देने की वजह से भास्कर समूह संपादकीय मामले में कमजोर हुआ है. और कल्पेश याज्ञनिक को इसकी वजह मानते हुए प्रबंधन ने उनकी शक्तियां सीमित करने की कवायद की है. (कानाफूसी)





