नई दिल्ली : रेल मंत्री पवन कुमार बंसल के बाद सीबीआई की रिपोर्ट बदलने के आरोपों में फंसे कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने भी इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले दोनों मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की। इधर खबर आ रही है कि मल्लिकार्जुन खड़गे को नया रेल मंत्री बनाया जा सकता है। देर शाम को सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री के सरकारी आवास 7, रेस कोर्स रोड जाकर उनसे मुलाकात की थी।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बंसल के भांजे विजय सिंगला को रेलवे बोर्ड में मनपसंद पद पाने के लिए एक रेल अधिकारी के बिचौलियों से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। इसके बाद से रेल मंत्री विवादों में फंस गए जबकि कानून मंत्री पर कोल-गेट मामले में सीबीआई की रिपोर्ट में बदलाव कराने के आरोप हैं। इन दोनों मंत्रियों पर आरोप लगने के बाद सरकार तथा कांग्रेस की बहुत ज्यादा किरकिरी हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने भी सीबीआई रिपोर्ट को लेकर तल्ख टिप्पणी की है।





