साधना न्यूज से खबर आ रही है कि वरिष्ठ पत्रकार एवं ग्रुप एडिटर एसएन विनोद ने इस्तीफा दे दिया है. एसएन विनोद साधना न्यूज में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच करा रहे थे, जिससे प्रबंधन से उनकी अनबन चल रही थी. खबर है कि प्रबंधन को आईना दिखाने के बाद एसएन विनोद ने इस्तीफा दे दिया है. उनके विरोधी लंबे समय से उनके खिलाफ साजिश भी रच रहे थे. एसएन विनोद के जाने के बाद वरिष्ठ पत्रकार अंशुमान त्रिपाठी साधना के नए ग्रुप एडिटर बनाए गए हैं. दूसरी तरफ साधना के ग्रुप इनपुट हेड राजीव शर्मा ने भी इस्तीफा दे दिया है.
एसएन विनोद कुछ महीने पहले ही साधना न्यूज के साथ अपनी नई पारी शुरू की थी. देश के बेहतरीन पत्रकारों में शुमार एसएन विनोद प्रभात खबर के संस्थापक संपादक रहे हैं. इसके अलावा वे लोकमत, इंडिया न्यूज, दैनिक 1957 समेत कई संस्थानों को अपनी सेवाएं दे चुके हैं. एसएन विनोद की समझौता नहीं करने की प्रवृत्ति के चलते प्रबंधन से खटपट चल रही थी. वे संस्थान के कई लोगों के ऊपर लगे भ्रष्टाचार की जांच भी करा रहे थे, जिससे प्रबंधन भी असहज था. दोनों तरफ से तनाव के बीच एसएन विनोद ने इस्तीफा दे दिया.
एसएन विनोद के जाते हुए महुआ न्यूज के ग्रुप एडिटर रहे अंशुमान त्रिपाठी ने साधना न्यूज ज्वाइन कर लिया है. उन्हें एसएन विनोद की जगह ग्रुप एडिटर बनाया गया है. अंशुमान त्रिपाठी महुआ न्यूज के संस्थापक चैनल हेड रहे हैं. इसके अलावा वे यूपी न्यूज समेत कई संस्थानों को अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
साधना से ही तीसरी खबर है कि ग्रुप इनपुट हेड राजीव शर्मा ने भी चैनल से इस्तीफा दे दिया है. उनकी भी प्रबंधन से लंबे समय से अनबन चल रही थी. राजीव शर्मा की गिनती अच्छे पत्रकारों में की जाती है. वे साधना न्यूज ज्वाइन करने से पहले एस1 चैनल के हेड हुआ करते थे. उसके पहले भी वे कई संस्थानों को अपनी सेवाएं दे चुके हैं.





