अगरतला : त्रिपुरा में ‘दैनिक गणदूत’ समाचारपत्र के संपादक एवं मालिक सुशील चौधरी को अखबार के कार्यालय में तीन क र्मचारियों की हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। यह हत्याकांड करीब एक महीने पहले हुआ था। पुलिस अधीक्षक पुलिस नियंत्रण उत्तम मजूमदार ने कहा कि चौधरी को यहां 19 मई को समाचारपत्र के तीन कर्मचारियों की हत्या में कथित तौर पर शामिल होने के मामले में गिरफ्तार किया गया है और उन्हें कल स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया जायेगा।
गौरतलब है कि संपादक के वाहन के चालक बलराम घोष, प्रबंधक रंजीत चौधरी और प्रूफ रीडर सुजीत भट्टाचार्य की 19 मई को दैनिक गणदूत के कार्यालय में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि बलराम की पत्नी नियति घोष और उसकी 13 वर्षीय लड़की घोष दो हमलावरों द्वारा जघन्य तरीक से की गयी बलराम घोष की हत्या के प्रत्यक्षदर्शी थी। हमलावर मोटर साइकिल से आए और चाकू मार कर फरार हो गए।
यह परिवार इमारत के पीछे एक छोटे से क्वार्टर में रहता था। चौधरी इसी परिसर में रहते थे और जब हत्या की गई तब वह परिसर में करीब के कमरे में मौजूद थे लेकिन उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कुछ भी नहीं देखा। पुलिस ने उनसे कई बार पूछताछ की थी। पुलिस ने दिवंगत बलराम घोष की पत्नी नियति घोष को अलग अलग बयान देने पर एक जून को गिरफ्तार कर लिया था। नियति को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया और बाद में पुलिस हिरासत की अवधि को तीन दिन और बढा दिया गया जो आज समाप्त हो रही है।





