जी न्यूज द्वारा जिंदल पावर एंड स्टील लिमिटेड से कथित कोल आवंटन घोटाले की आड़ में 100 करोड़ रुपये की उगाही के प्रयास के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। पुलिस ने रिपोर्ट पर कानूनी राय भी ले ली है। उम्मीद है कि इस मामले में जुलाई के पहले सप्ताह में आरोप पत्र दायर कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी, समीर अहलूवालिया, कंपनी के चेयरमैन सुभाष चंद्रा और उनके बेटे व प्रबंध निदेशक पुनीत गोयनका के खिलाफ जिंदल स्टील ने नेगेटिव खबरों को रोकने के नाम पर 100 करोड़ रुपये की उगाही के प्रयास को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में चारों आरोपी जमानत पर हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच में कहा गया है कि कथित कोयला घोटाले की संसद में पेश सीएजी रिपोर्ट को आधार बनाकर उसे गलत तरीके से चैनल पर दिखाया गया ताकि उगाही की जा सके। स्टिंग ऑपरेशन के ऑडियो व वीडियो से भी इस तथ्य का खुलासा हुआ है। हालांकि, जी न्यूज ने 100 करोड़ रुपये विज्ञापन के रूप में लेने का तर्क रखा, लेकिन पुलिस ने उसे खारिज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, इस तथ्य की भी पुष्टि हो चुकी है कि समीर और सुधीर होटल हयात में जिंदल स्टील के निदेशक-एचआर राजीव भदौरिया से मिले व 100 करोड़ रुपये की मांग दोहराई। साथ ही वे पैसे लेने के लिए विज्ञापन का अनुबंध बनाकर ले गए थे। समीर और सुधीर को गिरफ्तारी के 20 दिन बाद अदालत ने 17 दिसंबर, 2012 को जमानत दे दी थी, जबकि चेयरमैन और प्रबंध निदेशक को अदालत ने अग्रिम जमानत दे दी थी। (अमर उजाला)





