दैनिक भास्कर, रांची से खबर है कि चीफ सब एडिटर संजय चौधरी का तबादला धनबाद के लिए कर दिया गया है. हालांकि तबादला होना कोई बड़ी बात नहीं है, पर अंदर की खबर है कि संजय का तबादला उनके ऊपर कुछ आरोप लगने के बाद किया गया है. संजय कुछ महीने पहले रीजनल हेड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उन पर आरोप लगा था कि इन्होंने कई ऐसे लोगों की भर्ती कर ली थी, जिनका पत्रकारिता से दूर-दूर तक का नाता नहीं था.
इसी आरोप में इनके सहयोगी के रूप में चिन्हित तथा डेस्क पर कार्यरत धर्मेन्द्र सिंह को प्रबंधन ने हटा दिया था. धर्मेंद्र पर आरोप थे कि उन्होंने ने ही संजय को गलत सूचनाएं देकर नियुक्तियां करवाई थी. इस मामले में संजय से रीजनल हेड की जिम्मेदारी ले ली गई थी.
प्रबंधन ने संजय चौधरी को स्पष्ट कह दिया है कि सोमवार तक वो धनबाद में ज्वाइन कर लें. हालांकि संजय चौधरी धनबाद में ज्वाइन करने की बजाय छुट्टी पर चले गए हैं. इस संदर्भ में जब संजय चौधरी से बात की गई तो उन्होंने अपने तबादले की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल बिटिया की बीमारी की वजह से वे छुट्टी पर चल रहे हैं. उन्होंने बताया कि मैंने प्रबंधन को बता दिया है कि बिटिया की बीमारी ठीक होने के बाद वे वापस लौटेंगे. उन्होंने कहा कि वापस लौटने के बाद धनबाद ज्वाइन करेंगे, फिलहाल वो अवकाश पर हैं.






