आजमगढ़ के पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू मर्डर मामले में जीयनपुर के कोतवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. सीपू के भाई संतोष उर्फ टीपू और चचेरे भतीजे की लिखित शिकायत पर पुलिस कोतवाल और कई अन्य सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
हालांकि पुलिस दूसरे आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है लेकिन अभी तक सभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने बताया कि पूर्व विधायक के भाई ने तहरीर में लिखा है कि सर्वेश सिंह को कोतवाल ने बुलाया और धमकी दी कि कुंटू सिंह से समझौता कर लें वरना अंजाम बुरा होगा. कोतवाली से निकलने के तत्काल बाद ये घटना हो गई. एसपी अरविंद सेन ने कहा कि कोतवाल की गिरफ्तारी के साथ ही अन्य सभी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
गौरतलब है कि तीन अज्ञात हमलावरों ने पूर्व विधायक के काफिले पर हमला कर जबरदस्त गोलीबारी की थी जिसमें पूर्व विधायक की मौत हो गई थी. पूर्व विधायक को गोली मारने के बाद दो और लोगों की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हत्या की घटना से गुस्साए लोगों ने आजमगढ़ में जमकर हंगामा किया था. आजगढ़ में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है.





