मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफफरनगर में हाल में हिंसा के दौरान मारे गए पत्रकार राजेश वर्मा को अस्पताल पहुंचाने वाले युवक को पुलिस ने कल हिरासत ले लिया. मामले की शिकायत एक मंत्री से करने के बाद उसे आज रिहा किया गया. शहर कोतवाली क्षेत्र मे खालापार क्षेत्र में सात सितंबर को उपद्रवियों द्वारा की जा रही हिंसा के नंगेनाच को अपने कैमरे मे कैद कर रहे एक टेलीविजन चैनल के वरिष्ठ पत्रकार राजेश वर्मा को उपद्रवियों ने गोली मार दी थी. पुलिस ने बार-बार फोन करने के बावजूद फोन नहीं उठाया. एक युवक अजय जैन ने किसी प्रकार स्कूटर पर राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गयी.
इस मामले में अग्यात लोगो के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज हुआ है. पुलिस फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. आरोप है कि कल रात शहर कोतवाली पुलिस ने पत्रकार को अस्पताल पहुंचाने वाले अजय को उसके घर से उठा लिया और शहर कोतवाली लाकर पूरी रात उससे पूछताछ की. गुस्साए परिजनों एवं पड़ोसियों ने राज्यमंत्री चितरंजन स्वरुप को पुलिस उत्पीड़न की जानकारी दी. मंत्री ने पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिये. उनके कहने पर पुलिस ने अजय को रिहा किया. इस घटना से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है.





