न्यूज एक्सप्रेस चैनल के एडिटर (न्यूज आपरेशन) प्रसून शुक्ला से पिछले दिनों भड़ास4मीडिया के एडिटर यशवंत सिंह की मुलाकात हुई तो वहीं बातचीत के दौरान तय हो गया कि भड़ास पर वीडियो इंटरव्यू का एक सिलसिला शुरू किया जाए. इस वीडियो इंटरव्यू में युवा पत्रकारों से लेकर अनुभवी पत्रकारों तक को शामिल किया जाए और उनसे दस से बीस मिनट की बातचीत रिकार्ड कर भड़ास पर अपलोड किया जाए. और उसी वक्त सबसे पहला इंटरव्यू प्रसून शुक्ला का रिकार्ड कर लिया गया. फिर कमल शर्मा और दीपक चौरसिया के इंटरव्यू किए गए. यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.
प्रसून शुक्ला हिंदी टीवी जर्नलिज्म के वो चेहरे हैं जिन्होंने सरोकार वाली पत्रकारिता से लेकर बदलते दौर की बाजार वाली पत्रकारिता, दोनों को न सिर्फ करीब से देखा बल्कि जिया भी है. सहारा ग्रुप के समय न्यूज चैनल से लेकर न्यूज एक्सप्रेस चैनल तक की यात्रा के बीच में और इससे पहले भी उन्होंने कई छोटे-बड़े न्यूज चैनलों में काम किया. जी न्यूज में रहते हुए उन्होंने टीवी को समझा तो मैजिक टीवी का चैनल हेड बनकर उन्होंने सीमित संसाधनों में असीमित कामकाज करने की अपनी क्षमता को आजमाया.
वे न्यूज एक्सप्रेस चैनल में पोलिटिकल एडिटर बनकर आए और आज एडिटर (न्यूज आपरेशन) के रूप में कार्यरत हैं. प्रसून शुक्ला को साईं प्रसाद मीडिया ग्रुप में मालिकों के बाद सबसे ताकतवर शख्स के रूप में माना जाता है. इन्हीं के कोआर्डिनेशन में ग्रुप के कई चैनल लांच हो रहे हैं, जिसकी चर्चा उन्होंने इस बातचीत के दौरान भी की है. विनम्र इतने कि वे बार-बार यह बताना नहीं भूलते कि उन पर न्यूज एक्सप्रेस के चैनल हेड निशांत चतुर्वेदी की भरपूर कृपा है और उनके चलते ही वो यहां पर हैं. प्रसून ने इस वीडियो इंटरव्यू में अपने अतीत, वर्तमान को लेकर कई बातें बताईं हैं.
प्रसून टीवी जर्नलिज्म के फील्ड में आने वाले युवा पत्रकारों को साफ-साफ सलाह देते हैं कि चैनलों में काम करने आने वाले नए पत्रकारों को इगो लेकर नहीं आना चाहिए. उन्हें दिल-दिमाग खुला रखना चाहिए ताकि वह जल्दी से सब कुछ सीख जान सकें और हर हालात में बेहतर परफारमेंस के लिए तैयार हो सकें. इंटरव्यू देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
यह वीडियो इंटरव्यू यूट्यूब के प्लेटफार्म पर भी उपलब्ध है, इस लिंक पर क्लिक करें…
http://www.youtube.com/watch?v=0zngLSzmrbU
संबंधित खबर..
न्यूज एक्सप्रेस में प्रसून शुक्ला को एडिटर (न्यूज आपरेशन) की भी जिम्मेदारी






