नोएडा : अखिल भारतीय भाषा साहित्य सम्मेलन की राष्ट्रीय राजधानी इकाई ने नव वर्ष की पूर्व संध्या पर एक सरस-सबरंग गीतों और ग़ज़लों का एक रोचक कार्यक्रम नोएडा स्थित रायटर्स डेस्क के सभागार में आयोजित किया जिसका श्रोताओं ने देर रात तक मंत्र मुग्ध होकर आनंद लिया। पी7 न्यूज चैनल के निदेशक शरद दत्त की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम का प्रारंभ कविताओं से हुआ जिसकी शानदार शुरूआत ओजस्वी कवि अरविंद पथिक ने की, जिसमें उन्होंने नए वर्ष का स्वागत और बीते साल से शिकवे-शिकायतें भी की। इसके बाद संस्कार सारथी के संपादक मुकेश परमार मंच पर आए।
प्रवासी संसार के संपादक राकेश पांडेय मजदूरों के दर्द को अपनी कविता में बयां किया। संचालन कर रहेपंडित सुरेश नीरव ने सिलसिला आगे बढ़ाते हुए दार्शनिक भावभूमि की गज़लें सुनाकर वातावरण को जीवंत-जाग्रत कर दिया। उनके बाद माइक संभाला डी.डी. भारती के निदेशक और ख्यात कवि श्री कृष्ण कल्पित ने जिन्होंने अपनी ग़ज़लों के जरिए महफिल के लुत्फ को और गाढ़ा कर दिया। शुक्रवार के संपादक सुकवि विष्णु नागर ने इस अवसर पर जनकवि नागार्जुन को कविता के जरिए याद किया।
इस अवसर पर पाकिस्तान से आए संगीतकार शायर रईस मिर्जा ने भी बेहद संजीदा ग़ज़लें सुनाईं और वातावरण को शायराना बनाया। रायटर्स डेस्क के सीईओ योगेश मिश्रा ने अपनी चुटीली और धारदार कविताएं पढ़कर माहौल में हंसी का रंग घोल डाला। कार्यक्रम के दूसरे चरण में पंडित ज्वाला प्रसाद ने उपने संगीत का जादू बिखेरते हुए चुनिंदा ग़ज़लों का गायन कर महफिल की पुरजोर वाहवाही लूटी।





