हाई कोर्ट तक मामला पहुंचने के बाद भी मायावती अपनी मूर्तियों को पर्दे के पीछे जाने से नहीं रोक सकीं. चुनाव आयोग के आदेश का पालन करते हुए लखनऊ और नोएडा में आज मूर्तियों को ढंकने का काम हो रहा है. पॉलिथिन से न ढंक कर मूर्तियों के चारों ओर होर्डिंग लगाए जाएंगे, जिनका कुल खर्च करीब एक करोड़ रूपए के आसपास होगा.
गौरतलब है कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि पूरे उत्तर प्रदेश में लगी ये मूर्तियां चुनावों के दौरान मायावती के लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं. उनका कहना था कि ये मूर्तियां चुनाव प्रचार में माया और उनकी पार्टी की बड़ी सहायक साबित होंगी. इसके बाद आयोग ने 11 जनवरी तक मूर्तियों को ढकने के आदेश दे दिए, जिसके खिलाफ कल इलाहाबाद हाई कोर्ट में शिकायत की गई थी और अदालत ने सुनवाई की तारीख 11 जनवरी की दी है. अब अदालत का क्या फैसला होगा और उस फैसले के बाद मूर्तियों का क्या होगा, ये तो आने वाले वक्त में ही पता चल सकेगा.





