कैंसर ने एक और बड़े पत्रकार को हमसे छीन लिया. मशहूर फिल्म समीक्षक निखत काज़मी का निधन हो गया. निखत काफी समय से कैंसर से पीड़ित थीं. उन्हें ब्रेस्ट कैंसर था. निखत काजमी का निधन आज सुबह हुआ. उनकी उम्र 53 वर्ष के आसपास थी. घर में उनका छब्बीस साल का एक बेटा है, रहमान. निखत अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए दो दशक से ज्यादा वक्त से फिल्मों की समीक्षा कर रहीं थीं. निखत ने पिछले ही सप्ताह कई फिल्मों की समीक्षा लिखी. स्तन कैंसर के कारण निखत काजमी समीक्षा लिखने के लिए फिल्म देखने व्हीलचेयर पर जाया करती थीं.
निखत के निधन से बालीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है. अभिषेक बच्चन, नील नितिन मुकेश ने ट्विटर के जरिए शोक प्रकट की. मधुर भंडारकर का कहना है कि देश ने बेहतरीन फ़िल्म क्रिटिक खो दिया है, भगवान उनकी आत्मा को शांति दें. बिपाशा बसु के मुताबिक, निखत काजमी के बारे में मैंने ऐसा कभी सोचा भी नहीं था. सोनम कपूर ने कहा कि यह दुखद और चौंकानेवाली ख़बर है. महेश भट्ट ने कहा कि निखत बेहतरीन नैतिक मूल्यों वाली
महिला थीं. उनकी नैतिकता उनकी हर फ़िल्म की समीक्षा में साफ़ नज़र आती थी.
ट्विटर पर अभिषेक बच्चन ने लिखा- मेरी पहली फिल्म ‘रिफ्यूजी’ की समीक्षा निखत काजमी द्वारा की गई थी. उन्होने मुझे सुधार करने के लिए हमेशा राह बताई. आरआईपी. करण जौहर लिखते हैं- मेरी प्रार्थना उनके परिवार के साथ है. काजमी की असामयिक मौत चौकाने वाली है. अक्षय कुमार के मुताबिक- सबसे प्रसिद्ध फिल्म आलोचकों में से एक निखत काजमी के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ. भगवान आपके प्रियजनों को शक्ति दे.





